देहरादून। चम्पावत उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने के बाद सीएम धामी ने आज विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ले ली। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि चंपावत की देवतुल्य जनता के आशीर्वाद से उन्होंने उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल की है।
मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा के प्रकाश पंत भवन के सभागार में आयोजित समारोह में विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। विधानसभा भवन में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने सीएम धामी को सदस्यता की शपथ दिलाई। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री धामी ने चंपावत उपचुनाव में 55 हजार से अधिक मतों के अंतर से रिकॉर्ड जीत हासिल की है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री मसूरी के लिए रवाना, रूट किया गया डायवर्ट
विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार 14 जून से शुरू हो रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने आज सोमवार को विधानसभा सदस्यता की शपथ ली। इस अवसर पर धामी मंत्रिमंडल के सहयोगी, विधायक और भाजपा के प्रांतीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुष्कर सिंह धामी को मिले थे 58,258 वोट
गौरतलब है कि 14 फरवरी को राज्य में पांचवीं विधानसभा के लिए चुनाव हुए थे। इन चुनावों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा सीट से चुनाव लड़ा था और वह चुनाव हार गए थे। लेकिन भाजपा ने आखिरकार युवा चेहरे पुष्कर धामी पर ही अपना दांव खेला। इसके बाद कई विधायकों ने उन्हें अपनी सीट से उप चुनाव लड़ने को कहा। मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत सीट से चुनाव लड़ा। 31 मई को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ और तीन जून को इसके परिणाम आए। जिसमें पुष्कर सिंह धामी को 58,258 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी को रिकॉर्ड 55025 वोटों से हराकर एक बड़ी जीत हासिल की।
हमारे Facebook पेज को लाइक करें और हमारे साथ जुड़ें। आप हमें Twitter और Koo पर भी फॉलो कर सकते हैं। हमारा Youtube चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें – Youtube