देहरादून। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की परेड ग्राउंड में हुई रैली कांग्रेस के लिए बड़ी संजीवनी हो सकती है। उत्तराखंड कांग्रेस की विजय सम्मान यात्रा के समापन के मौके पर हुई राहुल गांधी की जनसभा ने कांग्रेस का जोश हाई कर दिया है।
उत्तराखंड कांग्रेस के लिए गुरुवार का दिन खास रहा। तकरीबन पिछले एक एक महीने से चल रही कांग्रेस की विजय सम्मान यात्रा का देहरादून में समापन हो गया। 1971 में पाकिस्तान पर मिली जीत के जश्न को मनाने के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारक और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी देहरादून पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने परेड ग्राउंड में एक जनसभा को भी संबोधित किया।
कुर्बानियों से नाता
राहुल गांधी ने अपना संबोधन में कहा कि, उत्तराखंड के लोगों का कुर्बानियों से नाता रहा है। मेरे परिवार का भी कुर्बानियों से नाता रहा है। मेरे पिता, मेरी दादी ने इस देश के लिए कुर्बानी दी है। राहुल गांधी ने कहा कि, जो कुर्बानी उत्तराखंड के लोगों ने दी है वही कुर्बानी मेरे परिवार ने भी दी है। उत्तराखंड के सैन्य परिवारों से खुद को जोड़ते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, जो सैन्य परिवार से हैं उन्हें ये बात समझ आएगी। पिता को खोना, भाई को खोना आप ही समझ सकते हो।
बीजेपी की नीतियों पर चोट
राहुल गांधी ने सधे हुए अंदाज में बीजेपी की नीतियों पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि 1971 में भारत ने पाकिस्तान को इसलिए 13 दिनों में हरा दिया क्योंकि पूरा देश उस समय एक होकर लड़ाई लड़ रहा था। आज देश को बांटा जा रहा है। भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी का नाम लिए बगैर कहा कि ये पूरी सरकार सिर्फ दो तीन पूंजीपतियों के लिए चलाई जा रही है।
राहुल गांधी हुए दून की लेमन टी के मुरीद, मंच पर ली चुस्की, पढ़िए रैली की झलकियां
महंगाई, बेरोजगारी पर हमलावर
अपने संबोधन में राहुल गांधी महंगाई औऱ बेरोजगारी पर केंद्र सरकार को निशाने पर लेते नजर आए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दुनिया में पेट्रो पदार्थ की कीमतें कम होने के बावजूद भारत सरकार ने दाम कम नहीं किए। दुनिया में पेट्रो पदार्थों पर सबसे अधिक टैक्स लेने वाली सरकार है मोदी सरकार। राहुल गांधी ने कहा कि, जनता की जेब से 10 लाख करोड़ रुपए निकाल कर पूंजीपतियों का कर्ज माफ किया जा रहा है।
राहुल गांधी बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र की मोदी सरकार को निशाने पर लेते दिखे। राहुल गांधी ने कहा कि जब तक बीजेपी की सरकार नहीं हटेगी तब तक देश के लोगों को रोजगार नहीं मिलेगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी न सिर्फ देश को बांट रही है बल्कि अर्थ व्यवस्था को कमजोर भी कर रही है।
योद्धाओं का सम्मान
कांग्रेस ने विजय सम्मान यात्रा के मौके पर मंच पर ही 1971 के युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों का सम्मान किया। मंच पर पूर्व सैनिकों को बैठाया गया। राहुल गांधी ने पू्र्व सैनिकों को अपने हाथों से सम्मानित किया। एक एक कर राहुल गांधी ने सभी पूर्व सैनिकों से परिचय भी लिया।
हमारे Facebook पेज को लाइक करें और हमारे साथ जुड़ें। आप हमें Twitter और Koo पर भी फॉलो कर सकते हैं। हमारा Youtube चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें – Youtube