उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ में एक मैक्स वाहन खाई में गिर गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक घायल ने हायर सेंटर ले जाते वक्त दम तोड़ दिया।
जानकारी की मुताबिक आज सुबह बनकोट से चिन्यालीसौड आ रही एक मैक्स धरासू जोगत मोटर मार्ग पर भडकोट के पास खाई में गिर गई। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिस कारण वाहन खाई में गिर गया। घटना सुबह करीब 10 बजकर 20 मिनट की बताई जा रही है।
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सूचना पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि वाहन में 10 लोग सवार थे।
वाहन हादसे में गंभीर घायल तीन लोगों को हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर देहरादून भेजा गया। इस दौरान एक घायल की मौत हो गई। मृतकों में कृपाल सिंह, दीपना देवी, किशना देवी, पुलम सिंह सभी निवासी बनकोट, लक्ष्मी देवी निवासी चिन्यालीसौड़ शामिल हैं। घायलों में विद्या सिंह, सुषमा देवी, सोबन सिंह, प्रियंका और वंशिका सभी निवासी बनकोट हैं। जिनमें से प्रियंका और सोबन को एम्स में भर्ती कराया गया है।
वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में मृत लोगों की आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को दुर्घटना में घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था व अनुमन्य राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को इस दुर्घटना के मजिस्ट्रयल जांच के भी निर्देश दिए हैं। गम्भीर घायलों का हायर सेंटर रेफर करने के लिए मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबन्धन को शीघ्र हैलीकॉप्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।