निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद उत्तरकाशी में बीजेपी सकते हैं। निकाय चुनावों में उत्तरकाशी में भाजपा का लगभग सूपड़ा साफ हो गया है। भाजपा पांच सीटों में से मात्र नौगांव नगर पंचायत अध्यक्ष की सीट बचा पाई है। कांग्रेस ने तीन सीटों पर कब्जा जमाकर बेहतर प्रदर्शन किया है। एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है। उत्तरकाशी जिले में निकाय चुनाव परिणाम भाजपा के लिए निराशाजनक रहे हैं। जिले में भाजपा के दो विधायक होने के बाद गंगोत्री विधानसभा की बाड़ाहाट पालिका अध्यक्ष पर भाजपा प्रत्याशी हरीश सेमवाल को करारी हार मिलने से गंगोत्री विधायक गोपाल रावत के माथे पर बल डाल दिये हैं। चिन्यालीसौड़ में निर्दलीय प्रत्याशी वीना बिष्ट के लिए जोर लगा रहे पूर्व काबीना मंत्री प्रीतम सिंह पंवार का वजन जीत के बाद बढ़ गया है। भाजपा प्रत्याशी की यहां करारी हार से यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत को झटका लगा है। बड़कोट में भाजपा से बागी हुई कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ी अनुपमा को भी भारी जीत मिली है। यहां पर भी भाजपा समर्थित कृष्णा राणा के लिए जोर लगा रहे जिलाध्यक्ष श्याम डोभाल व यमुनोत्री विधायक रावत को आहत होना पड़ा है। नौगांव सीट को भाजपा प्रत्याशी शशिमोहन राणा ने जीतकर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम डोभाल की लाज रखी है। नौगांव श्याम डोभाल का गृह क्षेत्र है। पुरोला विधानसभा में नौगांव नगर पंचायत की सीट गंवाने के बाद पुरोला में मामूली मतों से कांग्रेस प्रत्याशी हरिमोहन नेगी को जीत मिली जो विधायक राजकुमार के लिए शुभ संकेत नहीं है।
ये भी पढ़िए – अपने ही इलाके में हार गए सीएम साहब और मदन कौशिक, हो रही फजीहत