राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की बदहालियों की कहानी के बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने शनिवार को उत्तराखंड हेल्थ सर्विस डैशबोर्ड की शुरुआत की है। सीएम आवास में आयोजित एक कार्यक्रम में इसका उद्घाटन किया गया। इस डैशबोर्ड के जरिए अब मुख्यमंत्री राज्य में चल रही स्वास्थय योजनाओं पर सीधी नजर रख सकेंगे।
राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए अब हेल्थ डैश बोर्ड के जरिये मॉनीटरिंग की जा सकेगी। मुख्यमंत्री समेत आला अफसर बोर्ड पर क्लिक कर किसी भी अस्पताल में मरीजों की संख्या, दवाओं और रक्त की उपलब्धता की जानकारी ले सकेंगे। इस पर क्लिक करते ही यह जानकारी हासिल कर सकेंगे कि राज्य के विभिन्न अस्पतालों में मरीजों की संख्या कितनी है। उनके लिए पर्याप्त दवाएं है या नहीं।
अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या कितनी है। चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, सभी डॉक्टरों के ओपीडी में मरीजों की संख्या और अस्पताल में प्रतिदिन वसूले गए शुल्क की जानकारी इससे हासिल की जा सकेगी। इससे विभिन्न जिलों में संचालित ब्लड बैंकों की भी निगरानी की जा सकेगी।
हालांकि सीएम इस डैशबोर्ड से क्या और कितनी नजर रखेंगे ये तो भविष्य बताएगा लेकिन इस नजर से सिस्टम सुधारा जा सकेगा ये एक बड़ा सवाल है। दून अस्पताल में जिस तरह बरामदे एक में प्रसूता और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। दिव्यांग महिला के पेट में उसका मरा हुआ बच्चा कई दिनों से पड़ा हुआ लेकिन डाक्टरों ने आपरेट नहीं किया। ऐसी खबरों के बीच सीएम सिस्टम को कैसे सुधारेंगे ये तो वही जाने।