उत्तराखंड के पहाड़ों पर लगातार बारिश का कहर जारी है। आज सुबह टिहरी जिले के घनसाली में बादल फटने से एक ही परिवार के 8 लोग मलबे में दफन हो गए। जिनमें से 3 के शव निकाले जा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक घनसाली के कोट गांव में आज सुबह करीब चार बजे बादल फट गया। बादल फटने से यहां एक ही परिवार के आठ लोग मलबे में दफन हो गए।
जिस घर पर मलबा आया उसमें आठ लोग रहते थे, जिनमें से केवल एक छोटी बच्ची को सकुशल निकाल लिया गया है। राहत बचाव दल मलबे में दबे लोगों को ढूंढने में जुट गया है। स्थानीय प्रशासन भी मौके पर मौजूद हैं। अति दूरस्थ गांव होने की वजह से राहत कार्य शुरु करने में देरी हुई। इलाके के तीन गांवों में भारी बारिश से अधिक नुकसान हुआ है। जख्वान गांव का हाल ही में बना स्कूल भी गिर गया है।
तोलि गांव में नुकसान की खबरें हैं। वहीं घनसाली में चानी बैंड के पास चानी गदेरा पूरे उफान पर आ गया जिससे यातायात बाधित हुआ। प्रशासन के न पहुंचने से स्थानीय लोगों ने खुद ही राहत कार्य शुरु किया। रास्तों को खोलने का काम भी स्थानीय लोगों ने ही किया। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का काफी देर तक कोई पता नहीं लगा।
वहीं एक बच्ची को सकुशल बचा लिया गया है। प्रभावित इलाकों का जाएजा लेने के लिए टिहरी की जिलाधिकारी सोनिका भी पहुंची हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने भूस्खलन में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। स्थानीय प्रशासन को तेज गति से राहत व बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। ये भी पढ़िए देश में अब इस ईंधन से उड़ेंगे विमान, देहरादून से हुई शुरुआत