उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है। देहरादून में भी देर रात तेज बारिश ने जन-जीवन अस्त व्यस्त कर दिया। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में आज चौथे दिन भी अवरुद्ध है। प्रशासन की टीम हाईवे को सुचारु करने की कोशिश में है लेकिन चट्टान से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण हाईवे को खुलने में अभी दो दिन का समय और लग सकता है। वहीं पुलिस के जवान पैदल जाने वाले तीर्थयात्रियों की मदद कर रहे हैं।
उधर, रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे भी डोलिया मंदिर और जामू नर्सरी के समीप भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यमुनोत्री क्षेत्र सहित यमुना घाटी में भी रातभर बारिश होती रही। इसके चलते यमुनोत्री हाईवे डबरकोट और खरादी के पास रात से ही अवरुद्व था। सुबह नौ बजे हाईवे को आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।