देहरादून। वित्त मंत्री प्रकाश पंत इस बार जनता के मन का बजट बनाने का दावा कर रहें हैं। इसीलिए प्रकाश पंत फेसबुक के जरिए आमजनता से बजट के बारे में सुझाव ले रहें हैं। रविवार को सचिवालय में प्रकाश पंत ने फेसबुक के माध्यम से आमलोगों से सीधा संवाद किया और बजट को लेकर उनकी अपेक्षाएं को जाना। इस लाइव के दौरान एक हजार से अधिक लोगों के सवालों के प्रकाश पंत ने जवाब दिए।
हालांकि बजट पर सुझाव के साथ ही फेसबुक पर प्रकाश पंत को लोगों की शिकायतें अधिक सुननी पडीं लेकिन ऐसी शिकायतों के लिए शायद प्रकाश पंत पहले से ही तैयार थे।
लोगों ने प्रकाश पंत के सामने राज्य में रोजगार के कम होते अवसरों को उठाया। इस सवाल से जवाब में प्रकाश पंत ने दावा किया कि उनकी सरकार युवायों के कौशल विकास पर काम कर रही है। प्रकाश पंत की माने तो सरकारी विभागों में कुल 2,17,000 पद हैं। जिनमें कि वर्तमान में 1,73,000 पद भरे हुए हैं। सरकार द्वारा रिक्त पदों की पारदर्शिता से भर्तियो की जा रही है, लगभग 09 लाख 33 हजार सेवायोजन कार्यालयों में पंजीकृत है। 2017-18 में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 3000 पदों को भर दिया गया है, तथा 1600 पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। इस वर्ष 13800 युवाओं को स्किल्ड किया जा चुका है तथा प्रक्रिया गतिमान है। 2018 में इन्वेस्टर समिट में भी 1.24 लाख करोड़ निवेश के प्रस्ताव आये है, जिसमें से लगभग 24 हजार करोड़ रु निवेश हो चुका है, इस निवेश से भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पलायन रोकने के लिए पर्वतीय जनपदों के दूरस्थ इलाकों में मुलभूत सुविधाएं दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है, और सरकार द्वारा 250 की आबादी वाले गांवों को सड़क यातायात से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है।