छोटी होली के त्योहार पर बारिश ने पानी फेर दिया। जहां एक ओर देहरादून में बुधवार के दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई तो वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। आज तड़के देहरादून व आसपास के इलाकों, नई टिहरी और यमुनोत्री के निचले इलाकों में बारिश हुई। इस बीच बारिश के साथ ठंडी हवाओं का दौर भी जारी रहा। वहीं यमुनोत्रीधाम के आसपास हिमपात शुरू हो गया। उधर, रुद्रप्रयाग से केदारनाथ तक मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। मौसम में आए इस बदलाव से एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बुधवार को हल्की बारिश के आसार हैं। अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फ भी गिर सकती है। वहीं, मैदानी स्थानों में 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में बेहद हल्की बारिश हो सकती है। 3500 मीटर व उससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने का अनुमान भी है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में तेज रफ्तार आंधी चलने के आसार हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
साथ ही अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि होली तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बना रहेगा। 21 और 22 मार्च को भी ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है।