रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप इलाके में एक घर में एक बुजुर्ग महिला का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का नाम माहेश्वरी देवी बताया जा रहा है और वो एक सैन्य अफसर की तलाकशुदा पत्नी थीं। मृत महिला का बेटा भी सेना में अफसर बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मुताबिक बुजुर्ग महिला पिछले 22 साल से ट्रांजिट कैंप में अकेली रह रही थीं। उनके पति का भी देहांत हो चुका है।
हल्द्वानी में रहने वाली बेटियों और आसपास के लोगों से भी वह कोई संबंध नहीं रखती थीं। पुलिस के अनुसार, शव करीब 10 दिन पुराना है और कुर्सी पर रखा हुआ था। शव देखकर लगता है कि बैठे होने के दौरान ही महिला की मौत हो गई।
फिलहाल, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शव में कीड़े लगे हुए थे।
स्थानीय लोगों की माने तो माहेश्वरी देवी आसपास रहने वालों से भी कोई बातचीत नहीं करती थीं। उनके घर में भी किसी का आना जाना नहीं था। माहेश्वरी देवी की दो बेटियां अपने परिवार के साथ हल्द्वानी में रहती हैं। माहेश्वरी देवी के एक दामाद बीएस पांगती सेल्स टैक्स विभाग के कमिश्नर हैं।
पिछले एक हफ्ते से किसी ने माहेश्वरी देवी को नहीं देखा था। माहेश्वरी देवी के घर के बाहर से गुजरते समय एक शख्स को बदबू का एहसास हुआ तो उसने आसपास के लोगों को बताया। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने घर में जाकर देखा तो माहेश्वरी देवी का शव कुर्सी पर रखा हुआ था।
वहीं पुलिस की मानें तो शव बुरी तरह से सड़ चुका था। उसमें कीड़े पड़ चुके थे। काफी हिस्सा कंकाल में बदल चुका था। पुलिस ने घर में लूटपाट की घटना से इंकार किया है।