उत्तराखंड में मौसम बदलने वाला है। ऊंची चोटियों पर हिमपात और हल्की बारिश से मौसम सर्द हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों में आज ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में ओले गिरने का अनुमान है।
प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में बर्फ भी गिर सकती है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेशभर में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे में यहां हल्की बारिश की भी चेतावनी दी है। विभाग का कहना है कि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे।
बुधवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 32.2 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 15.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मसूरी का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।